प्रदेशभर में धूमधाम से मनाई गई इगास बग्वाल, दिल्ली में भी दिखी लोक संस्कृति की झलक
उत्तराखंड में लोकपर्व इगास बग्वाल और बूढ़ी दिवाली का त्योहार पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक लोगों ने भैलो खेलकर, पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य के साथ इस पर्व की खुशियां साझा कीं। घरों में पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक दिल्ली में भी देखने को मिली। बीते रोज लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर इगास बग्वाल का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और भैलो की परंपरा के जरिए देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया गया। आयोजन में उत्तराखंड के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
इगास का यह पर्व न केवल हमारी लोकपरंपराओं का प्रतीक है, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और पहाड़ की पहचान से जुड़े रहने का संदेश भी देता है।
