कांग्रेस संगठन में फेरबदल:43 नए चेहरे शामिल: 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को पदों से मुक्त किया गया,
Delhi 20 November 2026,
कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में 81 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी इस सूची में 43 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि 25 निवर्तमान सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनके पदों से मुक्त किया गया है।
कुल 81 सचिवों में से 50 प्रतिशत पद एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को दिए गए हैं। इसमें 20 ओबीसी, 5 ईबीसी , 11 एससी, 5 एसटी, 11 अल्पसंख्यक और 29 सामान्य वर्ग के नेता शामिल हैं।
युवाओं और महिलाओं की भागीदारी: 12 महिलाओं (लगभग 15%) को जगह मिली है। नियुक्त किए गए सचिवों की औसत आयु 49 वर्ष है और दो-तिहाई पदाधिकारियों की उम्र 50 वर्ष से कम है।
प्रमुख नियुक्तियां और राज्यवार प्रभार:
प्रणव झा और गौरव पांधी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय से जोड़ा गया है। डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को संचार, प्रचार, मीडिया और सोशल/डिजिटल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश: आगामी चुनावों के मद्देनजर यूपी में सबसे बड़ी 6 सदस्यीय टीम (अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य) को बरकरार रखा गया है।
उत्तराखंड: राज्य के संगठनात्मक कामकाज के लिए मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा और भीम कुमार को सचिव नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख राज्य: पंजाब में हिना कांवरे, रवींद्र दलवी, सूरज सिंह ठाकुर और राज कुमार मौर्य। राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागरी; तथा बिहार में प्रदीप नरवाल, प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदमुक्त किए गए नेता: निवर्तमान सूची में अंबा प्रसाद, दिव्या मदेरणा, देवेंद्र यादव, बी.एम. संदीप और टी.एन. प्रतापन सहित 25 नेताओं के नाम शामिल हैं, जिन्हें संगठन के इस पद से मुक्त किया गया है।
