चमोली: शंकराचार्य तीर्थ दर्शन यात्रा की तैयारियां तेज, चमोली में पहुंची मंगलम यात्रा
चमोली। आगामी श्रीशंकराचार्य उत्तराखंड तीर्थ दर्शन यात्रा की तैयारियों को लेकर धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ज्योतिर्मठ संगठन के विस्तार और यात्रा की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘मंगलम यात्रा’ चमोली जिले के नंदा देवी सिद्धपीठ देवराड़ा और काली मंदिर कुलसारी पहुंची। यहां दंडी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि जी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आगामी यात्रा की सफलता की कामना की। इस दौरान संगठन विस्तार और क्षेत्रीय स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की गई।
दंडी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि जी 21 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक ‘श्री शंकराचार्य उत्तराखंड तीर्थ दर्शन तैयारी यात्रा’ पर हैं। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के गांवों से लेकर ग्रामसभा, तहसील, ब्लॉक, विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों तक समर्पित एवं योग्य संयोजकों की नियुक्ति करना है। इन्हें पूज्यपाद शंकराचार्य जी महाराज के प्रतिनिधि के रूप में ‘शंकराचार्य दूत’, ‘सेवक’ और ‘संयोजक’ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
योजना के तहत 24 दिसंबर 2026 को श्री शंकराचार्य मठ, हरिद्वार में शंकराचार्य जी महाराज के सानिध्य में विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर के संयोजकों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद करीब दो माह के भीतर प्रदेश के प्रत्येक गांव में ‘शंकराचार्य दूत’ के चयन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के तहत विधानसभा संयोजकों को अपने क्षेत्रों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें तीर्थस्थलों, मंदिरों, तालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ शंकराचार्य मठ से संबद्ध मंदिरों की सूची तैयार की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख आश्रमों, मठाधीशों, ट्रस्ट अध्यक्षों और उनके संपर्क सूत्रों की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
वहीं, वर्षभर आयोजित होने वाले धार्मिक उत्सवों, कार्यक्रमों और उनके आयोजकों का विवरण भी संकलित किया जाएगा। कथावाचकों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, उद्यमियों, राजनीतिक दलों के क्षेत्रीय प्रतिनिधियों, समाज के विशिष्टजनों, महिला एवं युवक मंगल दलों सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की जानकारी भी संगठन के स्तर पर जुटाई जाएगी।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह संगठन किसी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा नहीं है, बल्कि धार्मिक प्रकृति और सनातन परंपराओं के प्रति समर्पित भक्तों का समूह है। इसका उद्देश्य शंकराचार्य जी महाराज के विचारों और सनातन संस्कृति को उत्तराखंड के जन-जन तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि आगामी वर्ष जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 जी महाराज प्रस्तावित ‘श्रीशंकराचार्य उत्तराखंड तीर्थ दर्शन यात्रा’ के तहत प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों का भ्रमण कर देव पूजाएं संपन्न करेंगे। इसी यात्रा को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इस अवसर पर नंदा देवी सिद्धपीठ देवराड़ा के संरक्षक विनोद रावत, अध्यक्ष भुवन चंद्र हटवाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष गौरा देवी, खिलाप सिंह बिष्ट, दीपक सती, कुलसारी के पूर्व प्रधान मनीष सती, हरी पुरोहित, पप्पू बाबा और नामित सभासद तेजपाल गुसाईं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अभियान से जुड़े लोगों ने श्रद्धालुओं और सनातन धर्मावलंबियों से प्रस्तावित तीर्थ दर्शन यात्रा की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
दंडी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि
