November 29, 2026

पौड़ी में जंगल गई 32 वर्षीय महिला लापता, गुलदार के हमले की आशंका

Jungle

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में घास लेने जंगल गई 32 वर्षीय महिला के लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। महिला बीते शाम से लापता है। ग्रामीणों को आशंका है कि जंगल में घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया होगा। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। महिला की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।

घटना पौड़ी के दंदल गांव की है। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय महिला घास लेने के लिए जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान शुरू किया।

तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से महिला की चुन्नी, घास काटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दरांती और घास की गठरी बरामद हुई है। इन सामानों के मिलने के बाद गुलदार के हमले की आशंका और गहरा गई है।

रातभर चले सर्च अभियान के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें जंगल के आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही हैं। घटना के बाद से दंदल गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। फिलहाल महिला की तलाश जारी है और सभी की नजरें सर्च अभियान के नतीजों पर टिकी हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.