November 29, 2026

देहरादून में आज रात सिविल डिफेंस की नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, तीन स्थानों पर होगा अभ्यास

देहरादून, 28 नवंबर 2026। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज देहरादून में सिविल डिफेंस द्वारा नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखा जाएगा।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, रात 10:05 बजे दो मिनट तक एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम एयर रेड की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को देगी। मॉक ड्रिल के समापन और स्थिति सामान्य होने का संकेत देने के लिए रात लगभग 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इसे ‘ऑल क्लियर’ संकेत माना जाएगा।

देहरादून में तीन स्थानों पर होगा अभ्यास

इस मॉक ड्रिल के लिए देहरादून में तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं:

1. कैपरी ट्रेड सेंटर, चकराता रोड।

2. बन्नू स्कूल, रेसकोर्स।

3. डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स एप्लीकेशन लेबोरेटरी (DEAL), रायपुर रोड।

 

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं। यह किसी वास्तविक हवाई हमले की चेतावनी नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करने के लिए आयोजित अभ्यास है।

13 जिलों में भी चल रहा आपदा प्रबंधन अभ्यास

गौरतलब है कि 28 नवंबर को उत्तराखंड में राज्य आपदा प्रबंधन दिवस भी मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के सभी 13 जिलों में लगभग 250 से 300 स्थानों पर विभिन्न आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, आग और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया जा रहा है।

इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करना और प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों तथा आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.