मोरी से नाबालिग को भगाने वाला आरोपी देहरादून से गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र से नाबालिग को अपने साथ भगाने के मामले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना मोरी में तहरीर देकर अपनी नाबालिग बेटी के बिना बताए घर से चले जाने और वापस नहीं लौटने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
मामला नाबालिग से जुड़ा और बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने नाबालिग की जल्द बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीओ बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने CCTV फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी और नाबालिग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नाबालिग को नालापानी चौक, देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी नीरज कुमार (20) पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर, देहरादून को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम:
- SI संतोष भट्ट
- ASI भगत राम नौटियाल
- कांस्टेबल अजय रमोला
- कांस्टेबल महिदेव चौहान
- एसओजी टीम
