बनबसा: शारदा बैराज पर हुआ रेड अलर्ट,सीमा क्षेत्र में आवाजाही पर लगी रोक।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बनबसा शारदा बैराज पर सिंचाई विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए सीमा क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। नदी के बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
हेड वर्क्स शारदा खंड बरेली के सहायक अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सभी इंजीनियरों और संबंधित कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शारदा नदी में छोड़े जा रहे भारी मात्रा में पानी का असर उत्तर प्रदेश के तराई और निचले इलाकों में भी पड़ सकता है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से नदी और बैराज के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने तथा जारी किए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग की ओर से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशांत कुमार सहायक अभियंता हेड वर्कर्स शारदा खंड बरेली
