पद्मश्री निशानेबाज जसपाल राणा को मुख्यमंत्री धामी और विधानसभा अध्यक्ष खंडूरी ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पद्मश्री सम्मानित एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज जसपाल राणा के देहरादून स्थित आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल बनाए रखने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। खेल जगत में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
वहीं, ऋतु भूषण खंडूरी ने भी देहरादून स्थित आवास पहुंचकर स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
विधानसभा अध्यक्ष ने परिजनों से भेंट कर इस कठिन समय में धैर्य और संबल बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का खेल जगत में योगदान अविस्मरणीय है और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
राज्य के दोनों शीर्ष जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत खिलाड़ी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
