बच्चों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को बांधी राखी, रक्षाबंधन की खुशियां की साझा
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पटेल नगर स्थित जीआरडी अकादमी द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई सुंदर राखियां मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर बांधीं। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से अभिभूत मंत्री ने भी उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद कैबिनेट मंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, पसंदीदा विषयों, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपनी आकांक्षाएं मंत्री के साथ साझा कीं।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का स्नेह और उनकी मासूम मुस्कान मन को ऊर्जा और नई प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी के संकल्प का पर्व है।
मंत्री ने कहा कि बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए शिक्षा के साथ संस्कारों का मजबूत होना भी जरूरी है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक उपहार भी भेंट किए। उन्होंने बच्चों की सफलता, उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
