देहरादून: ‘वॉयस ऑफ पीस’ में 10 शहीदों के परिवार सम्मानित, प्रत्येक को मिले 50 हजार रुपये
Tans Humanity Foundation के तत्वावधान में बुधवार को ग्राफिक एरा हिल्स यूनिवर्सिटी के प्रो. केपी नौटियाल ऑडिटोरियम में ‘वॉयस ऑफ पीस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की रक्षा और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के 10 वीर शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रत्येक शहीद परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीदों के परिवारों का सम्मान करना और उनके साथ खड़े रहना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि सैनिकों का त्याग और समर्पण देश की सबसे बड़ी ताकत है। उनके बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। ऐसे वीर सपूतों के परिवारों के प्रति समाज को हमेशा कृतज्ञ रहना चाहिए।
‘वॉयस ऑफ पीस’ कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से शहीद परिवारों के प्रति आभार, संवेदना और एकजुटता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, शांति और मानवीय संवेदनाओं को प्रदर्शित किया गया।
Tans Humanity Foundation की इस पहल का उद्देश्य शहीद परिवारों के त्याग और संघर्ष को सम्मान देने के साथ ही समाज में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प दोहराया।
