पवाणी अग्निकांड: 43 परिवारों को राहत पहुंचाने में जुटा प्रशासन, डीएम ने किया गांव का दौरा
उत्तरकाशी। मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज कर दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने और जरूरी व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा भी मौजूद रहे।
गांव में हुए अग्निकांड में कुल 43 परिवार प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि आग में उनके मकानों के साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख भी जलकर नष्ट हो गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाया जाए। शिविर के माध्यम से प्रभावित ग्रामीणों के जरूरी दस्तावेज दोबारा बनवाने की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने गांव में रात्रि के समय रोशनी की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने और संपर्क मार्ग को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा पशुपालन विभाग को अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के दुधारू पशुओं सहित अन्य पशुओं का विवरण तैयार करने को कहा गया है। गैस सिलेंडर की उपलब्धता और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि गांव में राहत कार्य लगातार जारी हैं। सभी संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित परिवारों के लिए कम्युनिटी किचन संचालित किया जा रहा है, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव में मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से भोजन, रहने की व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। रेडक्रॉस के माध्यम से भी प्रभावित परिवारों को राहत कार्यों में सहयोग दिया जा रहा है।
वहीं, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उनके नुकसान की भरपाई और उन्हें दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि उन्होंने अग्निकांड और प्रभावित परिवारों की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावितों को राहत राशि, उचित मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।
विधायक ने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ ही उनके पुनर्वास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी न हो और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।
