हल्द्वानी में फिर तेज हुआ 2200 करोड़ के विकास कार्यों का काम, अतिक्रमण पर भी होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े शहर हल्द्वानी में विकास कार्यों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित करीब 2200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के तहत शहर में सड़क चौड़ीकरण, चौराहों के सौंदर्यीकरण और सीवरेज लाइन बिछाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। मानसून और त्योहारों के चलते इन कार्यों की गति धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए प्रशासन ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि सभी संबंधित निर्माण एजेंसियों को युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर की सड़कों को जल्द दुरुस्त किया जा सके और चौराहों को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, खुद हटाएं कब्जे
सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर में अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण को संबंधित लोग स्वयं हटा लें। इसके लिए उन्हें समय दिया जा रहा है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि शहर में सड़क और चौराहों के चौड़ीकरण के साथ सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम पूरा होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और हल्द्वानी को अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप दिया जा सकेगा।
ए पी बाजपेई सिटी मजिस्ट्रेट
