प्रवासी उत्तराखंडियों से गांवों से जुड़ने की अपील, विकास में भागीदारी का किया आह्वान
देहरादून। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में देश-विदेश से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडियों ने प्रदेश के विकास, संस्कृति और लोक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रवासी भाई-बहनों के सुझावों को सुना और प्रदेश की उपलब्धियों, नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और लोक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखंडियों से अपील की कि जब भी वे देवभूमि आएं तो अपने गांव जरूर जाएं और वहां कुछ समय बिताएं। अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी पहचान और ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि आज प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों को गोद लेकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश सरकार का संकल्प प्रत्येक गांव को विकास की धारा से जोड़ना है। इसी दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव, सामर्थ्य और सहयोग से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जा सकेगा। उन्होंने प्रवासियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी मातृभूमि से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया।
