पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 375 करोड़ से बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी
कुमाऊं क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। करीब 375.33 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का रनवे 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे बड़े विमानों की लैंडिंग का रास्ता साफ होगा। इसके साथ ही नए टर्मिनल भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभव हो सकेगी।
परियोजना की एक प्रमुख विशेषता यह है कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा। इस मंजूरी के बाद परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता आसान हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर कृषि अनुसंधान और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। साथ ही यह क्षेत्र नेपाल सीमा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में एयरपोर्ट का विस्तार पूरे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदि कैलाश एवं जागेश्वर धाम यात्रा के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। इसके साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी हवाई सेवाओं की भूमिका अधिक प्रभावी हो सकेगी।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
