लिबरहेड़ी पहुंचे पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, मंदिर के लिए 31 लाख की घोषणा
हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना रविवार को रुड़की क्षेत्र के लिबरहेड़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ष 2024 के विधानसभा उपचुनाव में उनका समर्थन करने वाले मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कराया।
गांव के मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में हरियाणा की प्रसिद्ध भजन गायिका प्रियंका चौधरी ने खाटू श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान करतार सिंह भड़ाना ने गांव के मंदिर के विकास के लिए 31 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। उनकी इस घोषणा का ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में भड़ाना ने कहा कि वर्ष 2024 के उपचुनाव में वह बहुत कम अंतर से चुनाव हार गए थे, लेकिन जिन मतदाताओं ने उन पर विश्वास जताया, उनके प्रति वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन लोगों का ऋण वह कभी नहीं चुका सकते, लेकिन सेवा के माध्यम से उनका सम्मान करने का प्रयास जरूर कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसी भावना के तहत अपनी विधानसभा के सबसे बड़े गांव लिबरहेड़ी में मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन कराया गया, ताकि ग्रामीणों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों से जुड़े रहना उनके जीवन का उद्देश्य है।
भजन संध्या में बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
करतार सिंह भड़ाना ( पूर्व केबिनेट मंत्री हरियाणा )
