हरिद्वार: नीलधारा में स्टंट पड़ा भारी, तेज बहाव में बीच नदी फंसी थार
हरिद्वार के बैरागी कैंप स्थित नीलधारा में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया, जहां कुछ युवकों ने अपनी थार एसयूवी की इंजन क्षमता जांचने के लिए वाहन को नदी में उतार दिया। लेकिन तेज बहाव के चलते थार बीच धारा में फंस गई और चालक व उसके साथी की जान जोखिम में पड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने रोमांच के लिए वाहन को नीलधारा में उतारा था। कुछ ही देर में नदी का तेज बहाव वाहन पर भारी पड़ गया और थार बीच नदी में फंस गई। स्थिति बिगड़ती देख युवकों ने मदद की गुहार लगाई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल राहत प्रयास शुरू किए और काफी देर की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से थार को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और त्वरित प्रयासों के चलते बड़ा हादसा टल गया। चालक और उसके साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने इस तरह के खतरनाक स्टंट और लापरवाही से बचने की अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में रोमांच के लिए इस तरह की हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं। प्रशासन ने भी लोगों से नदी-नालों के आसपास अनावश्यक जोखिम न लेने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
