पुणे के केतन अग्रवाल हत्या काण्ड में पुलिस ने करीब 5 हजार पेज की चार्जशीट कोर्ट में की दाखिल,
Pune 20 September 2026,
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्या काण्ड में पुणे ग्रामीण पुलिस ने करीब 5 हजार पेज की चार्जशीट वाडगांव मावल कोर्ट में दाखिल की है। चार्जशीट में व्हाट्सएप, चैट, तस्वीरें, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड , सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी जांच से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
पुलिस ने करीब 80 से 85 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
चार्जशीट में तीन गवाह ऐसे हैं, जिन्होंने घटना के दौरान केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को देखा था। शुरुआत में केतन की मौत को लोहागढ़ किले से गिरने का हादसा माना गया था। बाद की जांच में पुलिस ने इसे हत्या बताया और सिया व चेतन पर साजिश का आरोप लगाया।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक केतन 18 जून को अपनी मंगेतर सिया और दो दोस्तों के साथ लोहागढ़ किले गया था। शुरुआत में कहा गया कि तस्वीर लेते समय उसका पैर फिसला और वह करीब 400 फीट नीचे खाई में गिर गया। मामले की जांच के दौरान टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी में एक हुडी पहना व्यक्ति केतन और सिया के पीछे जाता दिखा। पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में की। पुलिस जांच में सामने आया कि, चेतन ने उस दिन अपना फोन अपने काम की जगह पर छोड़ दिया था और सुबह 7 बजे से शाम तक इंटरनेट बंद रखा था।
पुलिस ने सिया और चेतन के फोन डेटा और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की। जिसमें दोनों के बीच हजारों कॉल हुई थीं, जिनमें कई लंबी बातचीत भी शामिल थीं। चार्जशीट में सिया की ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री का भी जिक्र है। पुलिस के अनुसार, उसने 2025 में लोहागढ़ में हुए एक हादसे, जिसमें एक महिला की मौत हुई थी, उसके बारे में जानकारी खोजी थी। इसके अलावा सोनम रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी ऑनलाइन सर्च का भी उल्लेख है।
पुलिस ने चार्जशीट में आरोप लगाया है कि सिया इससे पहले भी केतन को लोहागढ़ लेकर गई थी। 14 जून को उसे चट्टान से धक्का देने की कोशिश की गई, लेकिन केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद 18 जून को केतन को फिर लोहागढ़ ले जाया गया, जहां उसकी मौत हुई। जांचकर्ताओं का आरोप है कि सिया और चेतन के बीच रिश्ता था और दोनों ने हत्या की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी फिलहाल हिरासत में हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
