November 3, 2026

मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में धामी देशभर में दूसरे स्थान पर, 1000 में से मिले 881 अंक

Poster

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन और कार्यशैली को लेकर किए गए एक निजी संस्था के सर्वे में दूसरा स्थान हासिल किया है। सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी को 1000 में से 881 अंक मिले हैं। इस सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

सर्वे में मुख्यमंत्री के नेतृत्व, सुशासन, कार्यक्षमता, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और जनस्वीकार्यता समेत कुल 10 मानकों के आधार पर मूल्यांकन किए जाने की बात कही गई है। इस रैंकिंग को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। खासकर ऐसे समय में, जब सीमित संसाधनों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य में विकास की गति बनाए रखना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के भविष्य, धार्मिक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करती रही है। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने जैसे फैसलों के चलते भी उत्तराखंड राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है।

सरकार की ओर से सुशासन, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लगातार प्रयास किए जाने की बात कही जाती रही है। ऐसे में निजी संस्था के इस सर्वे में मुख्यमंत्री धामी को मिली रैंकिंग को राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक यात्रा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि उक्त रैंकिंग एक निजी संस्था के सर्वे पर आधारित है। यह किसी सरकारी एजेंसी की आधिकारिक रैंकिंग नहीं है। सर्वे के निष्कर्षों और अंकों को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.