June 24, 2026

इजरायल ने किया सीरिया के दक्षिणी शहर और दक्षिणी प्रांत दारा पर हवाई हमले।

दमिश्क: इजरायल के लड़ाकू विमानों ने बीती देर रात सीरिया के दक्षिणी शहर और दक्षिणी प्रांत दारा पर हवाई हमले किए हैं। सुरक्षा सूत्रों और सीरिया टीवी ने जानकारी दी कि मंगलवार देर रात सीरिया की राजधानी में कई धमाके सुने गए।

सीरिया टीवी ने कहा कि इजरायली विमानों ने दमिश्क से लगभग 20 किलोमीटर दूर दक्षिण में किस्वाह शहर पर भी हमला किया। इस दौरान सीरिया के एक सैन्य अड्डे को इजराइल ने निशाना बनाया है।

उधर इजरायली रक्षा मंत्री काट्ज ने एयर स्ट्राइक की पुष्टि की है। काट्ज ने कहा कि हमले इसलिए किए गए ताकि सीरियाई बल या दूसरे आतंकवादी समूह दक्षिण सीरिया में आईडीएफ के बफर जोन का उल्लंघन ना करें।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में कहा था कि इजरायल दक्षिणी सीरिया में एचटीएस या देश के नए शासकों से संबद्ध किसी भी अन्य ताकत की उपस्थिति को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने इस क्षेत्र को विसैन्यीकृत किए जाने की मांग भी की थी।

इजरायली सेना ने इन हमलों को लेकर कहा कि पिछले कुछ घंटों में आईडीएफ ने दक्षिणी सीरिया में सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जिसमें कमांड सेंटर और हथियार रखने वाली कई जगहें शामिल हैं। सीरिया के दक्षिणी हिस्से में सैन्य बलों और संपत्तियों की मौजूदगी इजरायली नागरिकों के लिए खतरा पैदा करती है। इजरायलियों के लिए किसी भी खतरे को दूर करने के लिए आईडीएफ काम करना जारी रखेगा।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.