April 22, 2026

स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय में डिजिटल एनाटॉमी टेबल का शुभारंभ

स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने स्किल्स एवं सिमुलेशन सेंटर में अत्याधुनिक डिजिटल एनाटॉमी टेबल स्थापित की है। इस उन्नत सुविधा का उद्घाटन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना द्वारा किया गया।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि यह डिजिटल एनाटॉमी टेबल पारंपरिक चिकित्सा शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के उपयोग से मेडिकल शिक्षा में बड़ा बदलाव आएगा और अब अध्ययन के लिए वास्तविक शव (कैडावर) पर निर्भरता कम होगी। इस प्रणाली के माध्यम से मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्र मानव शरीर की संरचना को त्रि-आयामी (3D) रूप में बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय आधुनिक तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल न केवल छात्रों के सीखने के अनुभव को समृद्ध करेगी, बल्कि उन्हें कुशल और सक्षम स्वास्थ्य पेशेवर बनने में भी मदद करेगी।

इस अवसर पर प्रति कुलपति डॉ. ए.के. देवरारी ने कहा कि इस प्रकार की उन्नत तकनीक छात्रों को वैश्विक स्तर की मेडिकल शिक्षा प्रदान करने में सहायक होगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।

वहीं हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के डीन डॉ. ए. शरीफ ने बताया कि डिजिटल एनाटॉमी टेबल मेडिकल छात्रों के लिए मानव शरीर की संरचना को समझने में बेहद उपयोगी सिद्ध होगी।

इस पहल के साथ, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने एक बार फिर आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका को मजबूत किया है और तकनीक आधारित शिक्षण की दिशा में नया मानक स्थापित किया है।

क्या है डिजिटल एनाटॉमी टेबल
डिजिटल एनाटॉमी टेबल एक आधुनिक शैक्षणिक उपकरण है, जो मानव शरीर की बनावट (एनाटॉमी) को समझने का एक आसान और प्रभावी तरीका प्रदान करता है। यह एक बड़ी टच-स्क्रीन टेबल होती है, जिसमें मानव शरीर के थ्री डी (त्रि-आयामी) मॉडल दिखाए जाते हैं। इसकी मदद से शरीर के अंगों को अलग-अलग परतों में देखकर समझा जा सकता है, जैसे हड्डियां, मांसपेशियां, नसें और आंतरिक अंग। छात्र किसी भी अंग को घुमा सकते हैं, बड़ा-छोटा कर सकते हैं और विस्तार से उसका अध्ययन कर सकते हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.