November 5, 2026

गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा: नदी में गिरी इनोवा, चार लोगों के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

Accident

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों ने अब तक नदी किनारे से चार व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए उनकी तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। जल पुलिस और गोताखोर नदी में लगातार खोजबीन कर रहे हैं।

हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू के दौरान मिलने वाले घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से हादसे में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। नदी में लापता संभावित यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.