सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि से की मुलाकात
उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में भारत के नवनियुक्त चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री ने जनरल सुब्रमणि को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की।
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सैन्य परंपराओं, गढ़वाल राइफल्स से जुड़े अनुभवों और भारतीय सेना की गौरवशाली विरासत पर विस्तार से चर्चा हुई। सैनिक कल्याण मंत्री ने देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए इसके विकास में भारतीय सेना के सहयोग का आग्रह किया।
गणेश जोशी ने सीडीएस से सैन्यधाम में आर्मी बैंड की नियमित प्रस्तुति की व्यवस्था कराने तथा वहां विकसित किए जा रहे सैन्य संग्रहालय (म्यूजियम) के लिए भारतीय सेना से आवश्यक सामग्री एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि को आगामी सितंबर माह में देहरादून में पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। जनरल सुब्रमणि ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक होगा तथा भारतीय सेना के सहयोग से इसे और अधिक समृद्ध एवं प्रेरणादायी बनाया जाएगा।