मोदी सरकार ने भारत की आर्थिक नीति, रक्षा नीति और विदेश नीति को बर्बाद किया, राहुल गांधी,
Delhi ,31 July 2025,
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत से आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा, और भारतीय अर्थव्यवस्था के मुद्दों पर आज मीडिया को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की आर्थिक नीति, रक्षा नीति और विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है। मोदी इस देश को बर्बाद कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर सब जानते हैं कि भारत एक ‘डेड इकोनॉमी’ है। उन्होंने मौजूदा अर्थव्यवस्था लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी बोले,मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने तथ्य सामने रखा। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ‘क्या आपको मालूम नहीं है कि भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद है।
उन्होंने बीजेपी पर अर्थव्यवस्था को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता राष्ट्रपति ट्रंप की शर्तों पर होगा और पीएम मोदी वही करेंगे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति कहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर निशाना साधते हुए कहा कि, विदेश मंत्री भाषण देते हुए कहते हैं कि, भारत की विदेश नीति बहुत ही शानदार है। एक तरफ अमेरिका, भारत को भला-बुरा कह रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने बार यह बोला है कि उन्होंने युद्धविराम करवाया। ट्रंप ने यह भी बोला कि हिंदुस्तान के पांच जहाज गिरे। अब ट्रंप ने बोला है कि 25 प्रतिशत शुल्क लगाऊंगा। क्या किसी ने सवाल पूछा कि पीएम मोदी जवाब क्यों नहीं दे पा रहे हैं? तो दूसरी तरफ चीन हमारे पीछे पड़ा है।
आपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से प्रायोजित आतंकवाद के मामले को वैश्विक मंच पर उठाने के लिए मोदी सरकार ने सर्वदलीय डेलिगेशन विभिन्न देशों में भेजा था। इस पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा, जब आप अपना डेलिगेशन दुनिया भर में भेजते हैं, तो कोई भी देश पाकिस्तान की निंदा नहीं करता। ये कैसे देश को कैसे चला रहे हैं- इन्हें देश चलाना ही नहीं आता, टोटल कंफ्यूजन है। जिस पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने पहलगाम में हमला करवाया, वो राष्ट्रपति ट्रंप के साथ लंच कर रहा है और सरकार कह रही है कि हमें बड़ी सफलता मिली है।
शिवसेना उद्धव गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के बयान का खंडन करते हुए कहा कि इसे मृत अर्थव्यवस्था कहना केवल अहंकार या अज्ञानता को दिखाता है। ये किसी को बताने या कहने की जरूरत नहीं है कि भारत दुनिया की टॉप-5 अर्थव्यवस्था और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में एक है। इसको जानने के लिए लिए पर्याप्त आंकड़े मौजूद हैं।
राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि ट्रंप का बयान पूरी तरह गलत है। भारत की आर्थिक स्थिति कमज़ोर नहीं है। यह कहना कि हमें खत्म किया जा सकता है, एक गलतफहमी है। ट्रंप भ्रम में हैं।
