July 8, 2026

उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति पर दबाव, घबराकर बुकिंग न करें: आईओसीएल

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में आईओसीएल-उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया के घटनाक्रम के बीच आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं, लेकिन घबराहट में की जा रही बुकिंग के कारण बैकलॉग बढ़ा है।

राज्य में एलपीजी की आपूर्ति जारी है, हालांकि डिलीवरी में देरी देखी जा रही है। डिजिटल माध्यम से बुकिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) का उपयोग तेजी से बढ़ा है। चारधाम यात्रा को देखते हुए केंद्र सरकार को अतिरिक्त मांग भी भेजी गई है।

पेट्रोल और डीजल की स्थिति सामान्य बनी हुई है और सभी रिटेल आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही, सरकार द्वारा जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है।

आईओसीएल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, केवल जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा रखें।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.