July 8, 2026

हिम्स जौलीग्रांट में PACS सिस्टम शुरू, मरीजों को मिलेगी तेज और सटीक रिपोर्टिंग

हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (HIMS), जौलीग्रांट के रेडियोलॉजी विभाग में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में PACS (पिक्चर आर्काइविंग एंड कम्युनिकेशन सिस्टम) आधारित उन्नत रिपोर्टिंग प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस प्रणाली का उद्घाटन विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना और संस्थापक सदस्य डॉ. सैमुअल ने किया।

डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि संस्थान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रहा है और PACS जैसी आधुनिक तकनीकें इसी दिशा में अहम भूमिका निभा रही हैं।

यह डिजिटल तकनीक सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे जैसी जांचों को सुरक्षित रूप से संग्रहित और साझा करने की सुविधा देती है, जिससे डॉक्टरों को तुरंत डेटा उपलब्ध हो जाता है। रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र रघुवंशी के अनुसार, इससे मरीजों को जल्दी रिपोर्ट मिलेगी और बीमारी का अधिक सटीक निदान संभव होगा।

डॉ. प्राची काला ने बताया कि इस सिस्टम से डॉक्टर कहीं से भी मरीजों की रिपोर्ट देख सकेंगे, जिससे इलाज की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। साथ ही, फिल्म और केमिकल के कम उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

नई प्रणाली के लागू होने से मरीजों को अब फिल्म साथ ले जाने की जरूरत नहीं होगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक तेज, सटीक और सुविधाजनक बनेंगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.