जुलूस-ए-मोहम्मदी में मदरसों को लेकर मुफ्ती का बयान वायरल, रुद्रपुर में गरमाया माहौल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान मदरसों को लेकर दिए गए एक मुफ्ती के कथित धमकी भरे बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रुद्रपुर में विवाद खड़ा हो गया है। मुफ्ती ने अपने बयान में मदरसों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मदरसे बंद किए गए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने बयान को भड़काऊ और माहौल खराब करने वाला बताया है। वहीं पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को रुद्रपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जा रहा था। इसी दौरान त्रिशूल चौक पर एक मुफ्ती ने मदरसों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वायरल वीडियो में मुफ्ती कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मदरसों के बारे में आप फैसला मत करो। याद रखना, अगर मदरसे बंद कर दिए तो फिर देखना आप, हम क्या हाल करेंगे।” बयान सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर इसकी चर्चा तेज हो गई।
ईदगाह के पास 8 एकड़ जमीन का मुद्दा भी उठा
जुलूस के दौरान ईदगाह के पास स्थित करीब आठ एकड़ जमीन का मुद्दा भी उठाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले नगर निगम ने इस जमीन से कथित अवैध कब्जे हटाकर इसे अपने कब्जे में लिया था। जुलूस के दौरान एक उलमा की ओर से उक्त जमीन वापस करने की मांग किए जाने की बात सामने आई है।
मामला सामने आने के बाद भाजपा के मेयर विकास शर्मा ने कहा कि सरकारी जमीन को किसी भी दबाव में वापस नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आठ एकड़ तो दूर, सरकारी भूमि का एक इंच हिस्सा भी किसी के दबाव में नहीं छोड़ा जाएगा।
भाजपा नेताओं ने जताई नाराजगी
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने भी मामले को लेकर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अवैध मदरसों पर कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने आरोप लगाया कि ऐसे अवैध मदरसे आतंकी और दंगाई पैदा करने का काम करते हैं और इन्हें बंद ही नहीं बल्कि पूरी तरह खत्म किया जाना चाहिए।
शिव अरोरा,विधायक
विकास शर्मा,मेय
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुफ्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की जांच कर रही है। साथ ही जुलूस के दौरान मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, विवाद बढ़ने के बाद मुफ्ती ने अपनी सफाई भी पेश की है। उन्होंने अपने बयान को लेकर अपना पक्ष रखा है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में कही गई बातों का वास्तविक संदर्भ क्या था और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
मुफ्ती
विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर
