June 24, 2026

उत्तरांचल पंजाबी महासभा की नई कार्यकारिणी घोषित, करण मल्होत्रा बने प्रदेश अध्यक्ष

Uttaranchal Punjabi Mahasabh

उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन की प्रक्रिया को मंगलवार को नया स्वरूप मिला। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से महासभा की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नई टीम के गठन के साथ करण मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष तथा बलदेव पराशर को देहरादून महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस घोषणा के बाद पंजाबी समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास पर आयोजित बैठक में महासभा के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। नई कार्यकारिणी में राज कुमार फुटेला को महासचिव, पंकज मैसोन को गढ़वाल अध्यक्ष और हरीश जल्होत्रा को कुमाऊं अध्यक्ष बनाया गया। वहीं अनिल भोला और राजेश डाबर को उपाध्यक्ष, पी.एस. कोचर को कोषाध्यक्ष तथा संजय अरोरा एवं मुकेश चावला को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में नवगठित कार्यकारिणी और समाज के सदस्यों ने पंजाबी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष राजीव घई को पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। उन्होंने समाज के सहयोग और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंजाबी समाज ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और भविष्य में भी समाज की सकारात्मक भूमिका बनी रहेगी। विधायक शिव अरोरा ने महासभा के सफल पुनर्गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंजाबी समाज के योगदान की सराहना की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

देहरादून महानगर अध्यक्ष बनाए जाने पर बलदेव पराशर को समाज के विभिन्न संगठनों, गणमान्य व्यक्तियों और शुभचिंतकों ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। बलदेव पराशर ने समाज को और अधिक संगठित करने, युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने तथा पंजाबी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि महासभा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेगी। नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.