August 27, 2026

सेलाकुई के सेंट्रल होप टाउन की खतौनी ऑनलाइन, 1,188 खातों को मिली बड़ी राहत

CM Dhami

सेलाकुई। मौजा सेंट्रल होप टाउन के निवासियों के लिए वर्षों से लंबित खतौनी ऑनलाइन होने से बड़ी राहत मिली है। करीब 8 से 10 वर्षों से बंदोबस्ती प्रक्रिया के चलते लंबित खतौनी अब ऑनलाइन भूलेख पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के महज 45 दिनों के भीतर कुल 1,188 खातों को ऑनलाइन जारी किया गया है। इससे क्षेत्र की करीब 25 से 30 हजार की आबादी को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, 11 जुलाई 2026 को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के सामने खतौनी ऑनलाइन न होने की समस्या रखी थी। ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण लोगों को दाखिल-खारिज, बैंक ऋण, विरासत दर्ज कराने, स्थायी निवास और जाति प्रमाण पत्र समेत भूमि से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दो माह के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। शासन-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद निर्धारित समय से पहले ही 25 अगस्त 2026 को खतौनी भूलेख पोर्टल पर सार्वजनिक कर दी गई।

बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौजा सेंट्रल होप टाउन के सभी 1,188 खातों को डिजिटल भूलेख प्रणाली से जोड़ दिया गया है। अब क्षेत्रवासियों को भूमि संबंधी दस्तावेज, प्रमाण पत्र और बैंक ऋण जैसे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी खतौनी प्राप्त कर सकेंगे।

क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

खतौनी ऑनलाइन होने पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित शासन-प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध होने से वर्षों से लंबित व्यक्तिगत राजस्व कार्यों के साथ विकास संबंधी योजनाओं को भी गति मिलेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.