June 24, 2026

संसदीय कार्य मंत्री का संसद के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का आह्वान।

दिल्ली, संसद के अंतरिम बजट सत्र, की तैयारियों को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में दिल्ली में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ सरकार की एक बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि संसद का सत्र बुधवार, 31 जनवरी, 2024 से प्रारंभ होगा और सरकारी कामकाज की अत्यावश्यकताओं के अधीन, सत्र का समापन शुक्रवार, 9 फरवरी, 2024 को हो सकता है। संसद के इस अंतरिम बजट सत्र में 10 दिन की अवधि में कुल 8 बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र मुख्य रूप से वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम केंद्रीय बजट से संबंधित वित्तीय कामकाज और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के प्रति समर्पित होगा, हालांकि इस सत्र के दौरान आवश्यक विधायी और अन्य कामकाज भी किए जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के संबंध में वर्ष 2023-24 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा और मतदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के अनुदान की अनुपूरक मांगों के साथ-साथ 2024-25 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के अंतरिम बजट पर प्रस्तुति और चर्चा करते हुए मतदान भी किया जाएगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार संबंधित पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रक्रिया के नियमों के अंतर्गत अनुमति के किसी भी मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए सदैव तैयार है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों के सुचारू कामकाज के लिए सभी दलों के नेताओं से सक्रिय सहयोग और समर्थन का भी अनुरोध किया। बैठक में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण एवं वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हुए, पीयूष गोयल राज्यसभा में नेता सदन नेता होने के साथ-साथ विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी हैं। संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ-साथ संसदीय कार्य और विदेश राज्य मंत्री, वी. मुरलीधरन भी इस बैठक में उपस्थित रहे।

संसद के दोनों सदनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुनने के पश्चात बैठक का समापन करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने के लिए नेताओं को धन्यवाद दिया।कुल मिलाकर, बैठक में तीस राजनीतिक दलों के पैंतालीस नेता शामिल हुए।

***

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.