पवाणी अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम धामी, हर परिवार को 5 लाख की सहायता का ऐलान
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड स्थित अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने आग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और अग्निकांड में हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उन्हें राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए। प्रभावित परिवारों को घोषित आर्थिक सहायता के अलावा नुकसान के आधार पर आगे भी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और प्रभावितों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम हुए भीषण अग्निकांड में 33 आवासीय मकान जलकर राख हो गए थे। आग की चपेट में आने से प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा। इस घटना से करीब 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों की जीवनभर की जमा पूंजी, घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज भी आग में नष्ट हो गए।
मुख्यमंत्री के स्वयं घटनास्थल पर पहुंचने, पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनने और आर्थिक सहायता की घोषणा करने पर प्रभावित ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया।
