देहरादून में पुलिस-मुठभेड़, ब्रिगेडियर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक घायल
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में शनिवार सुबह सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ब्रिगेडियर मुकेश की हत्या में शामिल संदिग्धों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने भागने की कोशिश की।
गुनियाल गांव के जंगल में पीछा करने के दौरान एक बदमाश को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया, जबकि दूसरे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी भी ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर और शांतनु त्यागी (21 वर्ष), निवासी सहारनपुर के रूप में की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
