June 24, 2026

काठगोदाम और लालकुआं से 11 नई ट्रेनें दौड़ने की तैयारी, सप्ताह में छह दिन चलाने की है योजना

कुमाऊं के यात्रियों के लिए रेलवे बड़ी सौगात देने जा रहा है। काठगोदाम से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी है। रेलवे ने इस रूट सहित 11 जोड़ी ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही यात्रियों को कई नए गंतव्यों के लिए सीधी ट्रेन सुविधा मिल सकेगी

रेलवे सूत्रों के अनुसार, काठगोदाम-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में छह दिन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही इज्जतनगर-चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस भी छह दिन चलाई जा सकती है। रामनगर-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन और काठगोदाम-सूबेदारगंज एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की योजना बनाई गई है। इसी प्रकार इज्जतनगर लालकुआं-हरिद्वार एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन, लालकुआं-यशवंतरावपुर एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन और लालकुआं-कानपुर एक्सप्रेस भी सप्ताह में एक दिन संचालित करने का प्रस्ताव है।

 

कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन, कासगंज-सिकंदराबाद एक्सप्रेस प्रतिदिन और कासगंज-वाराणसी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद कुमाऊं व तराई के यात्रियों को दिल्ली, हरिद्वार, चंडीगढ़, उदयपुर, कटड़ा, वाराणसी और सिकंदराबाद आदि बड़े शहरों तक आधुनिक और तेज ट्रेन सेवा उपलब्ध हो सकेगी। देहरादून के वंदे भारत से जुड़ने के बाद कुमाऊंवासी लंबे समय से इस ट्रेन के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.