July 1, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे

Delhi 24 October 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इस वर्ष का प्रकाश पर्व दिवाली, सभी के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है। त्योहारों के बीच स्थायी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र मिलने से त्योहार की प्रसन्नता और रोजगार की सफलता- दोनों की खुशी मिलती है। श्री मोदी ने बताया कि यह प्रसन्नता आज देश भर के 51 हजार से अधिक युवाओं को प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री ने उनके परिवारों को इससे मिलने वाली असीम प्रसन्नता की बात की और नियुक्ति पाने वाले सभी युवकों और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उनके जीवन की इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्री मोदी ने कहा कि आज की नियुक्तियां केवल सरकारी नौकरियां नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के अवसर हैं। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त लोगों से ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र को न भूलने और सेवा व समर्पण की भावना को कायम रखते हुए काम करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले 11 वर्षों से राष्ट्र एक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।” उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि युवा सशक्तिकरण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवा भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने का एक सशक्त माध्यम बन गए हैं और हाल के दिनों में इन मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि ये प्रयास केवल सरकारी नौकरियों तक ही सीमित नहीं हैं। सरकार ने साढ़े तीन करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लक्ष्य के साथ ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ आरंभ की है। उन्होंने कहा कि कौशल भारत मिशन जैसी पहल युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, जबकि राष्ट्रीय करियर सेवा जैसे मंच नए अवसरों से जोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मंच के माध्यम से 7 करोड़ से अधिक रिक्तियों की जानकारी युवाओं के साथ साझा की जा चुकी है। प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए एक बड़ी पहल- ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ की घोषणा की, जो उन उम्मीदवारों को अवसर प्रदान करता है जो संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की अंतिम सूची में तो पहुंच गए थे, लेकिन चयनित नहीं हुए।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.