December 19, 2025

Rahul Gandhi accused Prime Minister Narendra Modi of ‘systematically’ destroying jobs in the country.

दिल्ली , हरियाणा के करनाल में चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और उन पर देश में रोजगार को ‘व्यवस्थित रूप से’ खत्म करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करनाल के असंध में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हरियाणा को “बर्बाद” कर दिया है। राहुल गांधी ने अपनी हालिया अमेरिका यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका में हरियाणा के कुछ प्रवासियों से मुलाकात की है। जो अपने बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गए हैं। क्योंकि उन्हें भाजपा की असफल नीतियों के कारण अपने गृह राज्य में रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे थे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में वादा किया कि, उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को दो-दो हजार रुपये प्रति माह और रसोई गैस सिलेंडर पांच सौरुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा गांधी ने कहा कि हरियाणा में सरकारी विभागों में दो लाख रिक्तियां भरे जाने और किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने के लिए कानूनी गारंटी का वादा किया। राहुल गांधी ने विश्वास जताया कि कांग्रेस पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करेगी

चुनावी सभा में कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि, नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में जनता के वास्तविक मुद्दों को उठाया। जब राहुल गांधी सदन में बोले तो प्रधानमंत्री सहित भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने उनको बोलने नहीं दिया। प्रधानमंत्री के पास बोलने के लिए जनता से जुड़े मुद्दे नहीं थे।

शैलजा ने कहा, हरियाणा में पिछले दस साल से भारतीय जनता पार्टी का कुशासन चल रहा है। आपको धोखा देकर, आपके ऊपर राज किया जा रहा है। आज हरियाणा के किसान, मजदूर, व्यवसायी सभी कांग्रेस की सरकार का इंतजार कर रहे हैं। मेरी आप सभी से अपील है कि आने वाली 5 तारीख को यही उत्साह दिखाएं और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएं।

रैली को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संबोधित करते हुए कहा, हरियाणा में कांग्रेस की दस साल सरकार थी और भाजपा की सरकार दस साल से है। लोगों ने दोनों सरकारों को तौल लिया है और अब हरियाणा कांग्रेस की ओर देख रहा है। हरियाणा में कांग्रेस की लहर चल रही है। हरियाणा से भारतीय जनता पार्टी की सरकार जा रही है और यहां कांग्रेस की सरकार आ रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा पर एमएसपी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर झूठी गारंटी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा किसानों के पास धान का भण्डार भरा हुआ है। उनको धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों को धान तीन सौ से पांच सौ रुपए प्रति क्विंटल कम कीमत पर बेचना पड़ रहा है।

रैली को हरियाणा कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

Rahul Gandhi accused Prime Minister Narendra Modi of ‘systematically’ destroying jobs in the country.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.