June 24, 2026

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में उठाया डोकलाम का मामला: सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा

Delhi 02 February 2026,

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जनरल मनोज नरवणे की किताब का हवाला देते डोकलाम मुद्दे का जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि, डोकलाम में चीनी सेना के टैंक भारतीय सीमा के करीब पहुंच गए थे। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर राहुल गांधी का वक्तव्य आते ही, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा शुरू हो गया।इसी दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खड़े हो गए, जिसके बाद सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बीच स्पीकर ने राहुल गांधी से उनके बयान को ऑथेंटिकेट करने के लिए कहा। इस पर राजनाथ सिंह ने सवाल उठाया कि जिस किताब का राहुल गांधी हवाला दे रहे हैं, वह प्रकाशित हुई है या नहीं। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह किताब अब तक प्रकाशित नहीं हुई है।जिसके बाद स्पीकर बिरला ने भी राहुल गांधी को चेतावनी दे दी कि सदन में तय विषयों पर ही नियम के तहत बोलना चाहिए। सदन में शोर-शराबा इतना बढ़ा कि स्पीकर ओम बिरला को कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के तुरंत बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक सीक्रेट मीटिंग की। इस बैठक का उद्देश्य सदन में शांति बहाल करना और हंगामे के बाद आगे की रणनीति पर विचार करना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बैठक में यह तय किया गया है कि सदस्यों को केवल नियमों और तय विषयों के आधार पर बोलने की अनुमति दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जनरल नरवणे ने यह किताब करीब एक साल पहले संकलन किया था। लेकिन इसके प्रकाशन की अनुमति अब तक नहीं दी गई है। रक्षा मंत्रालय ने किताब की कुछ सामग्री पर आपत्ति जताई है, जिसके चलते इसकी समीक्षा प्रक्रिया लंबित है।

 

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.