देहरादून में आज दो जगह होगा रावण दहन, सीएम धामी रहेंगे मुख्य अतिथि
राजधानी देहरादून में आज दशहरा पर्व के अवसर पर रावण दहन और दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। शहर में परेड ग्राउंड और लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम होंगे। दोनों ही आयोजनों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। यहां शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जबकि शाम छह बजे ही रावण दहन किया जाएगा। वहीं, लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के प्रांगण में भी दशहरा मेले और रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन होगा। यहां रात आठ बजे रावण दहन किया जाएगा।
दोनों आयोजनों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दशहरा मेले को लेकर लोगों में उत्साह है। हर साल की तरह इस बार भी परेड ग्राउंड और हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। दशहरा पर्व पर होने वाला रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देगा।
