August 8, 2026

डेंगू के रोकथाम को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाएंः मुख्य सचिव

 

मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए कि डेंगू की रोकथाम हेतु अभी से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं

 

सभी विद्यालयों द्वारा अपने अध्यापकों के माध्यम से डेंगू की रोकथाम के प्रति संदेश देने का प्रयास किया जाना चाहिए।

देहरादून। मुख्य सचिव ओमप्रकाश की अध्यक्षता में गुरूवार को सचिवालय में डेंगू रोग की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण के सम्बन्ध में बैठक हुई। बैठक में डेंगू की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण हेतु सभी सम्बन्धित विभागों ने प्रतिभाग किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि डेंगू फैलने का मुख्य कारण इसके प्रति आमजन में जानकारी और जागरूकता की कमी है। इसके लिए आमजन को घरों के भीतर कूलर और पुराने बर्तनों, टायरों आदि में पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित करना होगा और इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने स्तर से डेंगू की रोकथाम के लिए महत्त्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए कि डेंगू की रोकथाम हेतु अभी से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि डेंगू की रोकथाम हेतु नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत स्कूलों द्वारा ऑनलाइन पढ़ाई संचालित की जा रही है। यह ऑनलाइन पढ़ाई विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को जागरूक करने का अच्छा माध्यम बन सकती है।

सभी विद्यालयों द्वारा अपने अध्यापकों के माध्यम से डेंगू की रोकथाम के प्रति संदेश देने का प्रयास किया जाना चाहिए। बच्चों में जागरूकता फैलाने से ज्यादा अच्छे परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं के खुलने की परिस्थिति में काफी समय से बन्द पड़े स्कूलों में डेंगू के मच्छर पनपने की अत्यधिक सम्भावना को देखते हुए स्कूल खुलने से पहले सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम हेतु दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.