July 18, 2026

गदरपुर में झाड़ियों से युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी

Gadarpur

ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

घटना दिनेशपुर थाना क्षेत्र के नेताजी नगर गांव की है। यहां प्लॉटिंग क्षेत्र के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 40 वर्षीय सपन राय, पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में की।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है। बाइक मिलने के बाद मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है। पुलिस हादसा, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दिनेशपुर थाना पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

दौलत राम वर्मा, सीओ पंतनगर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.