July 9, 2026

कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदेश में 40 आईटीआई टॉपर्स की बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना: प्रतिष्ठित संस्थानों मे कौशल प्रशिक्षण की उच्च स्तरीय तकनीकी गुर सीखेंगे,

Dehradun 05 April 2026,

आज रविवार को उत्तराखंड के विभिन्न आईटीआई में टॉपर 40 छात्रों (गढ़वाल मंडल 21 और 19 छात्र कुमाऊं मंडल से) को बौद्धिक विकास एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित गतिविधियों की उच्च स्तरीय तकनीकी जानकारी देने हेतु कुरुक्षेत्र हरियाणा स्थित प्रतिष्ठित संस्थानों मे भ्रमण के लिए रवाना किया गया। कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईटीआई टॉपर 40 छात्रों की बस को अपने शासकीय आवास यमुना कॉलोनी देहरादून से भव्य कार्यक्रम के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में प्रशिक्षुओं को उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उन्हें नए कौशल सीखने, नवाचार अपनाने एवं अपने अनुभवों का उपयोग राज्य के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में आईटीआई संस्थानों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, नए ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं, उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का युवा कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर एवं रोजगारपरक बने, जिससे उत्तराखंड के विकास को और अधिक गति मिल सके।

इस दौरान अपर सचिव, कौशल विकास नरेंद्र भंडारी ने प्रशिक्षुओं को कौशल विकास के महत्व एवं रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं संयुक्त निदेशक, गढ़वाल मंडल अनिल गुसाईं ने शैक्षिक एवं तकनीकी भ्रमण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रशिक्षुओं के भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, कुरुक्षेत्र में स्किल्स, डिजाइन एवं प्रॉब्लम सॉल्विंग विषय पर आयोजित कार्यशाला में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स से संबंधित कार्यशाला में भी प्रतिभाग करेंगे।

इस अवसर पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईटीआई टॉपर्स को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में दिनकर रौतेला, जे.सी. चंदेल, श्रीमती अनुपमा भंडारी, श्रीमती पूनम नौटियाल, बिरेंद्र तोमर , ललित अरोड़ा , गौरव उनियाल , रविंद्र सोलंकी , श्रीमती रेनू कश्यप सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.