खेल मंत्री रेखा आर्या का बड़ा दावा, चैंपियनशिप में रिकॉर्ड 3.17 लाख खिलाड़ी
खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के युवा केंद्र आमवाला पहुंचकर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सरकार की ओर से खिलाड़ियों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब तक 3,17,988 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने दावा किया कि यह पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक संख्या है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का पंजीकरण इस बात का संकेत है कि प्रदेश के बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों को भी महत्व दे रहे हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि समाज में खेलों को लेकर सोच में बड़ा बदलाव आया है। पहले जिन खेलों को कम महत्व दिया जाता था, आज अभिभावक अपने बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कई योजनाएं संचालित कर रही है।
रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने आउट ऑफ टर्न जॉब के प्रस्ताव को कैबिनेट में मंजूरी दी है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को चार प्रतिशत आरक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के साथ उनके भविष्य को भी सुरक्षित करना है।
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले समय में अपने प्रदर्शन के दम पर देश और प्रदेश के साथ-साथ अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रेखा आर्या कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड
