June 25, 2026

पिता की पुलिस वर्दी व पी-कैप का खुमारी दून पुलिस ने एक झटके में उतारी

चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मसूरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कई नियम उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।

लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वैगनआर कार (UP 15 DZ 2906) को रोका, जिसमें डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे सीट पर उपनिरीक्षक की वर्दी रखी हुई मिली। वाहन चालक ने अपना नाम विनय सिंह, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और वह कथित रूप से पुलिस वर्दी व पी-कैप का इस्तेमाल टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और वाहन को सीज कर दिया।

उत्तर प्रदेश पुलिस से संबंधित वर्दी के दुरुपयोग को गंभीर मानते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों पर भी कार्रवाई की। कई वाहन चालकों के चालान किए गए और मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई। इसके अलावा अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान के दौरान कुल 98 चालान किए गए—

  • नो पार्किंग: 67 चालान
  • ब्लैक फिल्म: 1 चालान
  • खतरनाक ड्राइविंग: 5 चालान (₹5000 नकद)
  • ट्रैफिक नियम उल्लंघन: 21 चालान (₹12,500 नकद)
  • 1 कार ड्रिंक एंड ड्राइव में सीज
  • 3 दोपहिया वाहन सीज

देहरादून पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.