July 5, 2026

राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी मामले में बिना सबूत के आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ हो कानून के मुताबिक कार्रवाई:विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार,

Delhi, 05 July 2026,

राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी मामले में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने राजनीतिक दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए पुलिस को पत्र भेजा है। जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं को चंदा और चढ़ावा चोरी के आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत जांच एजेंसियों को दिखाने के लिए कहा गया है। आलोक कुमार ने कहा, अगर आरोप बेबुनियाद या बिना सबूत के पाए जाते हैं, तो ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने पुलिस को चिट्ठी लिखकर मांग की है कि अयोध्या मंदिर मामले में जिन भी राजनेताओं ने मंदिर के करोड़ों रुपये के दान के गबन की आशंका जताई थी या आरोप लगाए थे, उनसे पूछताछ की जाए। अध्यक्ष आलोक कुमार ने पुलिस को लिखे पत्र में प्रियंका गांधी, राम गोपाल यादव, अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह समेत कई नेताओं के बयानों का जिक्र किया गया है। दावा किया गया है कि कुछ लोगों ने हजारों करोड़ रुपये तक की गड़बड़ी होने जैसे आरोप लगाए हैं। कुछ बयानों में मंदिर के नाम पर करोड़ों रुपये की चोरी और जमीनों की खरीद में गड़बड़ी के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। पत्र में मांग की गई है कि जिन लोगों ने ये आरोप लगाए हैं, उन्हें जांच एजेंसी के सामने बुलाकर पूछताछ की जाए।

विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष ने पुलिस को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि मामले में जांच एजेंसियों को शामिल किया जाए और राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़े आरोप लगाने वाले नेताओं से पूछा जाए कि, उन्हें जानकारी कहां से मिली? क्या उनके पास कोई सबूत या दस्तावेज हैं? अगर आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत मिलते हैं, तो इससे जांच को सच्चाई तक पहुंचने में मदद मिलेगी। अगर आरोप बेबुनियाद या बिना सबूत के पाए जाते हैं, तो ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अयोध्या पुलिस, न्यायालय की अनुमति के बाद मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों के इस्तीफे पर राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई को होने वाली बैठक में विचार होगा।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.