November 23, 2026

गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, दो जवानों समेत सात की मौत

Accident

कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार के तीन परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। शनिवार रात भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत में दो सैन्य जवानों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे में द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, इसी बटालियन में तैनात नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका की भी जान चली गई। हादसे के दौरान नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के ध्रुवपुर स्थित ध्रुव कॉलोनी, राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ की आदर्श कॉलोनी और नितिन गुसाईं का परिवार शिवराजपुर, मोटाढाक में रहता है। बताया जा रहा है कि सौरभ के परिवार के लोग उनकी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने के लिए निकले थे। शनिवार रात वहां से लौटते समय करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले नायक सौरभ और नायक राजेश की बटालियन इन दिनों गुजरात के भुज में तैनात है।

गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और पार्थिव शरीर को कोटद्वार लाया गया है। यहां तीनों परिवारों में मातम पसरा है। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

इस हृदयविदारक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। पूरे कोटद्वार क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है। ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.