सालावाला में 5.41 करोड़ की लागत से बनेगा दो लेन पुल, मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सालावाला में न्यू कैंट रोड स्थित सालावाला पुल के डाउनस्ट्रीम में बनने वाले नए पुल का विधिवत शिलान्यास किया। राज्य योजना वर्ष 2026-27 के तहत बनने वाले इस पुल पर 541.28 लाख रुपये (करीब 5.41 करोड़ रुपये) की लागत आएगी।
प्रस्तावित पुल 20 मीटर लंबा दो लेन आरसीसी गर्डर पुल होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पुल का निर्माण क्षेत्र में आवागमन को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके बनने से स्थानीय निवासियों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले अन्य लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य आगामी आठ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
