September 15, 2026

रुड़की में युवक ने खुद की गर्दन पर चाकू से किया वार, सड़क पर मची अफरातफरी

Crime

रुड़की के गणेश चौक के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने धारदार चाकू से अपनी ही गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। सड़क पर खून बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचा, उसने अचानक धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। युवक के घायल होते ही सड़क पर खून बहने लगा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मी उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास चाकू कहां से आया और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.