June 24, 2026

चीन के साथ तवांग सेक्टर के यंगस्टे में हुई झड़प पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया बयान।

देहरादून 13 दिसंबर 2022,

दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर के यंगस्टे में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प की घटना की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद के दोनों सदनों में विस्तृत जानकारी दी है

रक्षा मंत्री ने कहा कि, 9 दिसंबर, 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हमारी सीमा पर हुई एक घटना के बारे में जानकारी देना चाहूंगा। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर, 2022 को पीएलए सैनिकों ने तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा का अतिक्रमण करने और एकतरफा तरीके से यथास्थिति को बदलने का प्रयास किया। हमारे सैनिकों ने दृढ़ता और संकल्प के साथ चीन के प्रयास का विरोध किया। फलस्वरूप आमने-सामने की हाथापाई हुई जिसमें भारतीय सेना ने बहादुरी से हमारे क्षेत्र में उन्हें अतिक्रमण करने से रोका और अपनी चौकियों पर लौटने के लिए बाध्य किया। इस झड़प में दोनों ओर के कुछ सैनिकों को चोटें आई हैं। मैं इस सदन के साथ यह साझा करना चाहता हूं कि हमारी ओर से कोई हताहत या गंभीर रूप से हताहत नहीं हुआ है।

भारतीय सैन्य कमांडरों के समय से हस्तक्षेप के कारण पीएलए सैनिक अपने ठिकानों पर वापस चले गए। घटना की फोलोअप कार्रवाई के रूप में क्षेत्र में स्थानीय कमांडर ने अपने समकक्ष के साथ इस विषय पर स्थापित व्यवस्था के अनुसार चर्चा करने के लिए 11 दिसंबर, 2022 को फ्लैग मीटिंग की। चीनी पक्ष से इस तरह की हरकतों से बाज आने तथा सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा गया। राजनयिक माध्यमों से भी इस विषय को चीनी पक्ष के साथ उठाया गया है।

श्री सिंह ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा कि, हमारी सेनाएं हमारी क्षेत्रीय अखंडता के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस तरह के किसी भी प्रयास को विफल करती रहेंगी। मुझे विश्वास है कि पूरा सदन हमारे सैनिकों के साहसिक प्रयासों का समर्थन करने के लिए एकजुट होकर खड़ा होगा। जय हिंद !”

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.