August 8, 2026

द्रौपदी मुर्मू पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति निर्वाचित।

देहरादून 21 जुलाई 2022,

दिल्ली: द्रौपदी मुर्मू पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति निर्वाचित हुई है। द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था। मतगणना के प्रथम चक्र में ही मुर्मू ने बढ़त बना ली थी। प्रथम चक्र की मतगणना में द्रौपदी मुर्मू को 748 में से 540 वोट मिले थे। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 208 मत प्राप्त हुए थे। कुल 748 मत पहले राउंड में वैध पाए गए थे, जिनका मूल्य 5 लाख 23 हजार 600 है। इनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू को हासिल हुए थे, जिनका मूल्य 3,78,000 है। वहीं यशवंत सिन्हा पहले ही राउंड में बड़े अंतर से पिछड़ गए थे। उन्हें कुल 208 वोट ही मिले थे, जिनका मूल्य 1,45,600 ही आंका गया।

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि, द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के ऐतिहासिक क्षण पर आज नई दिल्ली में उनसे भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद पर ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च एवं गरिमामयी पद पर आपका चुना जाना महिला सशक्तिकरण तथा स्वस्थ लोकतंत्र की दिशा में एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.