June 24, 2026

मन की बात” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

देहरादून 25 दिसंबर 2022,

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “मन की बात” के छियानवें एपिसोड में कहा कि , 2022 में देश के लोगों का सामर्थ्य, उनका सहयोग, उनका संकल्प, उनकी सफलता का विस्तार इतना ज्यादा रहा कि ‘मन की बात’ में सभी को समेटना मुश्किल होगा। 2022 वाकई कई मायनों में बहुत ही प्रेरक रहा, अद्भुत रहा। इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे किये और इसी वर्ष अमृतकाल का प्रारंभ हुआ। इस साल देश ने नई रफ़्तार पकड़ी, सभी देशवासियों ने एक से बढ़कर एक काम किया। 2022 की विभिन्न सफलताओं ने, आज, पूरे विश्व में भारत के लिए एक विशेष स्थान बनाया है। 2022 यानि भारत द्वारा दुनिया की पाँचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मुकाम हासिल करना, 2022 यानि भारत द्वारा 220 करोड़ वैक्सीन का अविश्वसनीय आंकड़ा पार करने का रिकॉर्ड, 2022 यानि भारत द्वारा निर्यात का 400 बिलियन डॉलर का जादुई आंकड़ा पार कर जाना, 2022 यानि देश के जन-जन द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को अपनाना, जी कर दिखाना, 2022 यानि भारत के पहले स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत का स्वागत, 2022 यानि स्पेश ड्रोन और डिफेंस सैक्टर में भारत का परचम, 2022 यानि हर क्षेत्र में भारत का दमखम। खेल के मैदान में भी, चाहे, कामना वैल्थ गेम हो, या हमारी महिला हॉकी टीम की जीत, हमारे युवाओं ने जबरदस्त सामर्थ्य दिखाया है।

प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों को वर्ष 2023 की शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि, ये वर्ष भी देश के लिए खास रहे, देश नई ऊँचाइयों को छूता रहे, हमें मिलकर संकल्प भी लेना है, साकार भी करना है। इस समय बहुत से लोग छुट्टियों के mood में भी हैं। आप पर्वों को, इन अवसरों का खूब आनंद लीजिये, लेकिन, थोड़ा सतर्क भी रहिए। आप भी देख रहे हैं, कि, दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है, इसलिए हमें, मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे, तो सुरक्षित भी रहेंगे और हमारे उल्लास में कोई रूकावट भी नहीं पड़ेगी। इसी के साथ, आप सभी को एक बार फिर ढ़ेरों शुभकामनायें। बहुत-बहुत धन्यवाद, नमस्कार।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डाकरा, देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2022 भारत के लिये विशेष उपलब्धियों से भरा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस वर्ष देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी है और हम दुनिया की सबसे तेज गति से बढती अर्थव्यवस्था हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की शक्ति को विश्व ने माना है। “जी-20 समिट” की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिलना हम सभी के लिए गर्व की बात है।

इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड विधानसभा के अंतर्गत करनपुर मंडल की टेगोर विला में बैठक आयोजित की। जिसमें “भारतरत्न” पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया । तत्पश्चात, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के “मन की बात” कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी , देहरादून मेयर सुनील उनियाल गामा , पार्टी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक गणों की उपस्थिति में सुना।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.