June 24, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण किया:यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों का संचालन करने के निर्देश दिए।

देहरादून 13 अक्टूबर 2022,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्योहारों के कारण यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों, टिकट बुकिंग काउंटर एवं कैंटीन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत भी की। आईएसबीटी में सफाई व्यवस्था सही नहीं पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि यदि स्वच्छता व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो संबंधित अधिकारियों एवं जो कंपनी इस व्यवस्था को देख रही है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि आईएसबीटी पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कि जाए एवं शौचालयों में स्वच्छता एवं पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही आईएसबीटी का दुबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि तब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं पाई गई तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने टिकट बुकिंग काउंटर के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि यहां से विभिन्न क्षेत्रों के लिए जाने वाली बसों के रवाना होने से पहले अनाउंसमेंट की समुचित व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि जल्द ही परिवहन विभाग की बैठक ली जाएगी और अन्य बस अड्डों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आईएसबीटी के आस-पास अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों पर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आईएसबीटी के आसपास सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने, आईएसबीटी पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखने,त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवाजाही में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों का संचालन करने के निर्देश दिए।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.