July 7, 2026

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को 4.39 करोड़ रुपये जारी, 4,800 से अधिक बच्चों को मिला लाभ

Vatsalya Yojana

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से जारी की। कैंप कार्यालय से धनराशि हस्तांतरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड-19 महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो चुके बच्चों के संरक्षण और शिक्षा के लिए लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत वर्ष 2020 से ऐसे बेसहारा बच्चों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया था। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी।

मंत्री ने जानकारी दी कि अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों के खातों में 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। वहीं मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

इसी क्रम में जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों के खातों में 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए हैं। इस प्रकार तीन माह की कुल सहायता राशि 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है।

रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का उद्देश्य कोरोना महामारी से प्रभावित बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उनके बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे बच्चों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि योजना के तहत लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने, बालिका लाभार्थी के विवाह अथवा लाभार्थी के सेवायोजित होने के बाद संबंधित व्यक्ति योजना से स्वतः बाहर हो जाता है। सरकार पात्र बच्चों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.